Shimla,11July– हिमाचल प्रदेश सरकार ने राजस्व विभाग से जुड़ी सेवाओं को सरल और पारदर्शी बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है।मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को ‘My Deed’ नामक पेपरलेस ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन सेवा का शुभारंभ किया।इस सेवा के माध्यम से लोग अब घर बैठे ही जमीन और मकान की रजिस्ट्री करवा सकेंगे।
इस सुविधा के पहले चरण में प्रदेश के 10 जिलों के उप-पंजीकरण कार्यालयों में यह सेवा शुरू की गई है,जिनमें शामिल हैं:
बिलासपुर (बिलासपुर सदर)
चंबा (डलहौजी)
हमीरपुर (गलोड़)
कांगड़ा (जयसिंहपुर)
कुल्लू (भुंतर)
मंडी (पद्दर)
शिमला (कुमारसैन)
सिरमौर (राजगढ़)
सोलन (खंडाघाट)
ऊना (बंगाणा)
इस सेवा के माध्यम से नागरिकों को ऑनलाइन स्लॉट बुकिंग के जरिए तय समय पर रजिस्ट्री की सुविधा मिलेगी। इससे उन्हें तहसील कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे और ना ही घंटों लाइन में लगना पड़ेगा।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने बताया,“हमने ‘My Deed’ पेपरलेस रजिस्ट्रेशन सेवा शुरू कर दी है ताकि आम लोगों को बार-बार राजस्व विभाग के कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें। अब रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल होगी और कुछ ही दिनों में म्यूटेशन भी ऑटोमेटिक रूप से ऑनलाइन हो जाएगी।”उन्होंने यह भी कहा कि पहले कई बार पटवारी, तहसीलदार आदि अधिकारियों की अनुपस्थिति में लोगों को पूरे दिन दफ्तर में बैठना पड़ता था। इसके अलावा म्यूटेशन के मामलों में भी वर्षों तक फाइलें लंबित रहती थीं, जिससे आम जनता को परेशानी उठानी पड़ती थी।अब यह सेवा पारदर्शिता, समय की बचत और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने की दिशा में एक मजबूत कदम माना जा रहा है।
