चंडीगढ़, 18 फरवरी -: हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (एचएसएससी) ने पुलिस कांस्टेबल भर्ती प्रक्रिया में अहम बदलाव करते हुए खेल कोटे के अभ्यर्थियों के लिए शारीरिक माप परीक्षण (पीएमटी) और शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीएसटी) एक साथ आयोजित करने का निर्णय लिया है। आयोग जल्द ही इस संबंध में विस्तृत शेड्यूल जारी करेगा।
राज्य में 5500 कांस्टेबल पदों के लिए चल रही भर्ती में तीन लाख से अधिक युवाओं ने आवेदन किया है। बड़ी संख्या में उम्मीदवार इन दिनों शारीरिक परीक्षण की तैयारी में जुटे हैं। आयोग के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि पीएमटी और पीएसटी को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं और जल्द तिथियों की घोषणा की जाएगी।खेल कोटे के अभ्यर्थी लंबे समय से मांग कर रहे थे कि दोनों परीक्षण अलग-अलग दिनों में कराने के बजाय एक साथ आयोजित किए जाएं, ताकि उन्हें बार-बार उपस्थित न होना पड़े। इस मांग पर विचार-विमर्श के बाद आयोग ने विज्ञापन संख्या 13/2024 के तहत यह निर्णय लिया है।चेयरमैन ने बताया कि इस फैसले की जानकारी हरियाणा ओलंपिक संघ के अध्यक्ष जसविंदर मीनू बैनीवाल और प्रदेश के खेल मंत्री गौरव गौतम को भी दे दी गई है, ताकि खेल विभाग के माध्यम से अधिक से अधिक खिलाड़ियों तक सूचना पहुंच सके। आयोग ने सभी अभ्यर्थियों से नियमित अभ्यास जारी रखने की अपील की है।
