Gurugram,2 December-:साइबर सिटी गुरुग्राम में एयर टिकट और विदेश टूर पैकेज के नाम पर करोड़ों की धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।बताया जा रहा है कि आरोपियों ने फर्जी कंपनी बनाकर कई राज्यों के लोगों को निशाना बनाया और उनसे लाखों रुपये वसूलकर उन्हें न एयर टिकट दिया और न ही टूर पैकेज।गुड़गांव पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार,ठगी का शिकार हुए एक व्यक्ति ने सेक्टर-53 थाना पुलिस को शिकायत दी थी।पीड़ित ने बताया कि उसने एयर टिकट बुक कराने के साथ-साथ कंपनी से एक सप्ताह का टूर पैकेज भी लिया था।मगर रकम लेने के बावजूद कंपनी ने न तो टिकट जारी की और न ही पैकेज से जुड़ी कोई बुकिंग उपलब्ध कराई। जब पीड़ित ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी लगातार टालता रहा और अंततः रुपये भी वापस नहीं किए।इस शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की। लगभग पांच महीने की पड़ताल के बाद पुलिस ने 62 वर्षीय संदीप नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी ने अपनी बेटियों के साथ मिलकर एक फर्जी ट्रैवल कंपनी बनाई थी। इसी कंपनी के माध्यम से बड़े पैमाने पर लोगों से ठगी की वारदातों को अंजाम दिया गया।पुलिस का कहना है कि अब तक पांच दर्जन से अधिक लोग इसी प्रकार की शिकायत लेकर सामने आ चुके हैं और इन शिकायतों को इस केस में मर्ज किया जा रहा है।अनुमान लगाया जा रहा है कि मामले में करीब 20 करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी हो चुकी है।पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में अन्य सह–आरोपियों की तलाश जारी है।तकनीकी जांच भी जारी है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है।पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने पर और भी तथ्य सामने आने की उम्मीद है और इसी के आधार पर अन्य आरोपियों पर भी शिकंजा कसा जाएगा।
