चंडीगढ़ : चन्द्रिका ( TSN)-पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने नगर निगम चुनाव को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया दी है । पंजाब भवन में पत्रकारों के साथ बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मौके को हमारे लोकतंत्र के इतिहास में काले दिन के तौर पर याद रखा जायेगा। भगवंत सिंह मान ने कहा कि अगर केवल 36 वोटों की गिनती निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से नहीं हो सकती तो समूचे देश में मतदान और वोटों की गिनती कैसे निष्पक्ष तरीके से होगी।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान कहा कि भाजपा ने जानबूझ कर अपने अल्पसंख्यक विंग के प्रमुख को चंडीगढ़ के मेयर के चयन के लिए प्रीज़ाईडिंग अफ़सर नियुक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रीज़ाईडंग अफ़सर ने जानबूझ कर पोलिंग एजेंटों की ग़ैर-हाजिऱी में वोटों की गिनती की, ताकि भाजपा उम्मीदवार की जीत पक्की की जा सके। भगवंत सिंह मान ने कहा कि इस बात की बहुती हैरानी नहीं होती कि भाजपा ने चंडीगढ़ में लोकतांत्रिक नैतिक-मूल्यों को चोट पहुँचाई, बल्कि असली मुद्दा तो यह है कि भाजपायी आगामी लोक सभा चुनाव में भी लोगों को लोकतांत्रिक अधिकारों से वंचित कर देंगे। उन्होंने कहा कि वह अदालत का दरवाज़ा खट-खटकाएंगे और इस चयन को चुनौती देंगे, क्योंकि इस चयन में लोकतांत्रिक नैतिक-मूल्यों का हनन किया गया है ।
