Shimla,Sanju(TSN)-हिमाचल प्रदेश में सियासी बयानबाज़ी तेज़ हो गई है।केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा द्वारा कांग्रेस सरकार पर लगाए गए आरोपों पर अब मुख्यमंत्री सुक्खू के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने पलटवार किया है।प्रेसवार्ता कर उन्होंने नड्डा के बयानों को भ्रामक और तथ्यहीन बताया।
मेडिकल डिवाइस पार्क प्रोजेक्ट को लेकर उठे सवालों को किया खारिज
सीएम मीडिया एडवाइजर नरेश चौहान ने कहा कि जेपी नड्डा जैसे उच्च पद पर बैठे व्यक्ति को राजनीति से ऊपर उठकर प्रदेश के हित में बात करनी चाहिए।उन्होंने खास तौर पर मेडिकल डिवाइस पार्क प्रोजेक्ट को लेकर उठे सवालों को खारिज किया।चौहान ने बताया कि यह प्रोजेक्ट अब प्रदेश सरकार खुद बना रही है और केंद्र से मिले 25 करोड़ रुपये ब्याज समेत वापस कर दिए गए हैं।उन्होंने पूर्व सरकार के समय हुए एग्रीमेंट को राज्य के लिए घाटे का सौदा बताया।उन्होंने कहा कि पार्क के लिए 1500 बीघा जमीन सिर्फ 12 लाख 63 हजार में देने का समझौता हुआ था,जबकि उस जमीन की बाजार कीमत लगभग 500 करोड़ है।इसके अलावा,बिजली-पानी की दरें,10 साल तक मुफ्त आपूर्ति और 70% GST छूट जैसी शर्तों से प्रदेश को भारी नुकसान होता।चौहान ने साफ कहा कि सरकार ने समझदारी दिखाई और प्रदेश हित में फैसला लिया।
