Palwal,10 November-:हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रविवार देर रात पलवल पहुंचे, जहाँ उन्होंने खेल राज्यमंत्री गौरव गौतम के दादा जयपाल गौतम के निधन पर शोक व्यक्त किया और परिजनों को सांत्वना दी। इस दौरान सीएम सैनी ने राहुल गांधी के “वोट चोरी” वाले बयान पर तीखा हमला बोला और कहा कि राहुल गांधी फ्रस्ट्रेशन में हैं, उनके पास अब कोई मुद्दा नहीं बचा है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि जयपाल गौतम समाजसेवी थे जिन्होंने हमेशा समाज उत्थान के लिए कार्य किया। उन्होंने कहा कि परिवार के मुखिया के रूप में अब गौरव गौतम को उनके अधूरे कार्यों को आगे बढ़ाना चाहिए।राहुल गांधी के हालिया “वोट चोरी” बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए सीएम सैनी ने कहा कि राहुल गांधी के पूर्वज तीन पीढ़ियों तक शासन कर चुके हैं, फिर भी उनके पास अब जनता से कहने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी कभी ईवीएम को कोसते हैं, कभी लोकतंत्र को, और अब वोट चोरी की बातें करने लगे हैं।
सीएम सैनी ने व्यंग्य करते हुए कहा, “अभी तो राहुल गांधी वोट चोरी की बात कह रहे हैं, आगे चलकर यह भी कहेंगे कि मोदी ने कांग्रेस चोरी कर ली।” उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को ऐसी स्क्रिप्ट लिखने वाले व्यक्ति को सम्मानित करना चाहिए क्योंकि ऐसे बयान कांग्रेस की साख को और नुकसान पहुंचा रहे हैं।बिहार चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री ने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में एनडीए स्पष्ट बहुमत से सरकार बना रही है।
