Chandigarh,27 October-हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि प्रदेश सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने के लिए हर संभव कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा खेलों में देश का सिरमौर बनेगा और खिलाड़ियों को अब अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज करनाल में आयोजित राज्य स्तरीय “खेलो हरियाणा महोत्सव” का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश के खिलाड़ियों, कोचों और खेल संघों को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा का नाम आज ओलंपिक और एशियाई खेलों में स्वर्ण पदकों से रोशन हो रहा है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के उत्साह को और बढ़ाने के लिए हर जिले में आधुनिक खेल स्टेडियमों का निर्माण कराया जा रहा है।मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने खेल नीति में बड़े बदलाव किए हैं ताकि हर प्रतिभाशाली खिलाड़ी को बिना किसी भेदभाव के अवसर मिले। उन्होंने घोषणा की कि खेल अकादमियों में अत्याधुनिक उपकरणों के साथ-साथ स्पोर्ट्स साइंस और न्यूट्रिशन की सुविधा भी दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खिलाड़ियों को अब प्रशिक्षण के साथ-साथ रोजगार की गारंटी भी दी जा रही है। खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियों में प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अलावा, महिला खिलाड़ियों को विशेष प्रोत्साहन के तहत छात्रवृत्ति और सुरक्षा योजनाएं भी दी जा रही हैं।मुख्यमंत्री ने बताया कि हरियाणा स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी, राई में जल्द ही नए कोर्स शुरू किए जाएंगे, जिनसे खेल विज्ञान, कोचिंग और फिटनेस के क्षेत्र में युवाओं को करियर बनाने का अवसर मिलेगा।
