Shimla,Sanju-भाजपा के प्रदेश महामंत्री बिहारी लाल शर्मा ने एक प्रेस बयान जारी कर कहा कि भारतीय सेना की वीरता और शौर्य को सम्मान देने के उद्देश्य से भाजपा द्वारा देशभर में तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन “सिटिजन फॉर नेशनल सिक्योरिटी” के बैनर तले हिमाचल प्रदेश सहित पूरे भारत में हो रहा है।
सेना के सम्मान में एकजुट हो देशवासी
शर्मा ने कहा कि यह यात्राएं न केवल भाजपा तक सीमित हैं,बल्कि इसमें समाज के हर वर्ग के लोग बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादियों द्वारा निर्दोष भारतीयों पर हमले का जिस बहादुरी से सेना ने जवाब दिया,उसने देश का मस्तक गर्व से ऊंचा कर दिया है।उन्होंने कहा कि इन यात्राओं के माध्यम से आम नागरिकों में देशभक्ति की भावना मजबूत हुई है और सेना का मनोबल भी बढ़ा है।लेकिन उन्होंने चिंता जताई कि कुछ विपक्षी नेता ऐसे समय में बयानबाजी कर रहे हैं जिससे सेना की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंच सकती है।शर्मा ने आरोप लगाया कि सर्वदलीय बैठकों में एक रुख अपनाने वाले नेता बाहर आकर विपरीत बयान देते हैं,जो दुर्भाग्यपूर्ण है।भाजपा नेता ने सभी राजनीतिक दलों और नागरिकों से अपील की कि वे दलगत राजनीति से ऊपर उठकर इन तिरंगा यात्राओं में भाग लें और भारतीय सेना के सम्मान को और ऊँचाई दें। उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश के 171 मंडलों और 94 जिला परिषद वार्डों में इन तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जाएगा।
