दिल्ली (एकता): दिल्ली-NCR सहित उत्तर भारत में आज भी शीतलहर की स्थिति बनी हुई है। जिसके चलते वाहनों की रफ्तार थम गई है। इसके साथ ही उड़ानें भी प्रभावित हो रही है। सूत्रों के अनुसार घने कोहरे की वजह से लोगों की आने-जाने में मुश्किल हो रही है। बताया जा रहा है कि मंगलवार को पूरी राजधानी में कोहरा छाया रहा। यमुना के किनारे कोहरे की परत जमी नजर आई। जानकारी के मुताबिक 11 राज्यों में कोहरे के कारण रफ्तार थम गई है। इससे रेल व हवाई यातायात प्रभावित हो रहा है। जम्मू-कश्मीर में कई जगहों पर पारा शून्य से नीचे चला गया।

दिल्ली हवाईअड्डे पर दृश्यता शून्य
राजधानी के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर सुबह 8:30 बजे दृश्यता शून्य रही। कई उड़ानों में देरी हुई। करीब 7 उड़ानों को जयपुर और एक को अहमदाबाद भेजा गया। खराब मौसम के कारण मुंबई और बंगलूरू से आने वाली विस्तारा की दो उड़ानों को वापस भेज दिया गया। पंजाब में घने कोहरे और भीषण ठंड के चलते जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री।
