मोहाली: मोहाली के सोहाना एयरपोर्ट रोड पर बीती रात गुटका साहिब की बेअदबी का मामला सामने आया है, जिससे संगत में भारी रोष फैल गया। बताया जा रहा है कि सोहाना गुरुद्वारा साहिब से करीब एक किलोमीटर दूर एयरपोर्ट रोड किनारे गुटका साहिब के फटे हुए अंग मिले, जिन्हें संगत ने एकत्र किया।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में संगत मौके पर पहुंच गई और विरोध जताया। मामले की गंभीरता को देखते हुए हरसिमरन सिंह बल सहित पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। भाजपा नेता संजीव वशिष्ठ भी घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे।तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए पुलिस ने लोगों को शांत करवाया। डीएसपी हरसिमरन सिंह बल ने कहा कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।उन्होंने कहा कि पुलिस इस मामले को पूरी गंभीरता से ले रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस ने संगत को निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है।
