जींद (एकता): एक तरफ जहां प्रदेश में ठंड का सितम बना हुआ है, वहीं सभी सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की हड़ताल जारी हैं। मरीज-तीमारदारों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सूत्रों के मुताबिक अस्पतालों में सभी सेवाएं ठप्प पड़ी हुई हैं। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को भी मरीज इलाज के लिए भटकते रहे। कई मरीज अपने इलाज के लिए दूर-दूर से आते हैं, जब उन्हें अस्पताल आकर भी इलाज न मिले तो उनको कैसा लगेगा। हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विसेज के आह्वान पर हरियाणा में सरकारी अस्पताल में एक दिवसीय हड़ताल की गई है।

डॉक्टरों का कहना है कि अगर किसी मरीज को लाइफ थ्रेट की स्थिति होगी तो वो सैवच्छिक रूप से इलाज करेंगे। इस दौरान वह महिलाओं की डिलीवरी, ऑपरेशन और अन्य इलाज नहीं करेंगे। कई मरीज ऐसे हैं जिनका अस्पतालों में आने के बावजूद भी इलाज नहीं हो रहा। डॉक्टर्स की मांग है कि उनके लिए एक विशेषज्ञ कैडर का गठन किया जाए। बॉन्ड राशि एक करोड़ से घटाकर पहले की तरह 50 लाख रुपए की जाए। इतना ही नहीं प्रदेश सरकार एसीपी भी लागू करे।
