कुल्लू : मनमिंदर अरोड़ा ( TSN)-जिला लाहौल स्पीति में बादल फटने व बाढ़ आने का सिलसिला लगातार जारी है। वहीं सोमवार सुबह के समय उदयपुर के साथ लगते धधल नाले में भी बाढ़ आ गई। जिसके चलते केलांग से उदयपुर सड़क मार्ग वाहनों की आवाजाही के लिए बंद हो गया है। वहीं सड़क मार्ग बंद होने की सूचना मिलते ही बीआरओ की टीम मौके पर पहुंच गई और अब सड़क बहाली का कार्य शुरू कर दिया गया है। सड़क बंद होने के चलते दोनों और वाहनों का भी लंबा जाम लग गया है।
सड़क मार्ग को बहाल करने में जुटा बीआरओ
लाहौल स्पीति पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सुबह के समय अचानक नाले में बाढ़ आ गई और नाले का मलबा पुल के ऊपर से बहने लगा। जिसके चलते मलबे से पुल वाहनों की आवाजाही के लिए बंद हो गया है। बीआरओ के अधिकारी मशीनरी लेकर मौके पर पहुंच चुके हैं और अब सड़क बहाली का कार्य जारी है। गौर रहे कि इन दिनों लाहौल घाटी में सब्जियों का सीजन चल हुआ है और बाहरी राज्यों से भी व्यापारी यहां पर सब्जियां खरीदने के लिए आए हुए हैं। ऐसे में पुल से वाहनों की आवाजाही बंद होने के चलते सब्जियों की गाड़ियां भी खड़ी हो गई है। एसपी लाहौल स्पीति मयंक चौधरी ने बताया कि सड़क बहाली का कार्य जारी है और जल्द ही सड़क को वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया जाएगा।
