बिलासपुर, सुभाष ठाकुर (TSN)-बिलासपुर जिला भाजपा ने सोमवार को ऐतिहासिक कदम उठाते हुए कृष्ण लाल चंदेल को नया जिलाध्यक्ष घोषित किया। यह पहली बार है जब जिले में अनुसूचित जाति वर्ग से किसी नेता को यह महत्वपूर्ण पद सौंपा गया है।
कृष्ण लाल चंदेल को मिली जिम्मेदारी
इस अवसर पर भाजपा जिला कार्यालय में विशेष बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक में पूर्व मंत्री डॉ. राजीव सैजल पर्यवेक्षक के रूप में शामिल हुए। इसके अलावा सदर विधायक त्रिलोक जमवाल, नयनादेवी जी के विधायक रणधीर शर्मा, झंडूता के विधायक जीतराम कटवाल, और पूर्व मंत्री राजेंद्र गर्ग भी विशेष रूप से मौजूद रहे। लाल चंदेल, जो नयनादेवी जी विधानसभा क्षेत्र के जकातखाना के निवासी हैं, लंबे समय से भाजपा से जुड़े हुए हैं। वह वर्तमान में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री के पद पर कार्यरत हैं। इससे पहले वह अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष भी रह चुके हैं। ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाले चंदेल को पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं ने फूल-मालाओं से सम्मानित किया।
