Shimla,14 July-हिमाचल प्रदेश में मानसून की रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही है।मौसम विभाग ने 20 जुलाई तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई है।मंडी,सिरमौर,कांगड़ा,शिमला और सोलन जैसे जिलों में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
बीते 24 घंटों में सिरमौर,मंडी और शिमला जिलों में मध्यम बारिश दर्ज की गई है।मौसम वैज्ञानिक संदीप कुमार शर्मा के अनुसार,14 और 15 जुलाई को कांगड़ा,मंडी और सिरमौर में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है,इसलिए इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ ही ऊना, बिलासपुर,हमीरपुर, शिमला और सोलन में भी सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
16 से 20 जुलाई तक राज्य के कई अन्य हिस्सों में भी भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है।कुल्लू,शिमला, सिरमौर और मंडी जिले विशेष रूप से प्रभावित हो सकते हैं।इस बीच,लाहौल-स्पीति के ऊपरी क्षेत्रों और रोहतांग में हल्का हिमपात भी दर्ज किया गया है।मौसम विभाग के अनुसार, मानसून के साथ-साथ वेस्टर्न डिस्टरबेंस भी सक्रिय है,जिससे ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना बनी हुई है।
मौसमी आंकड़ों की बात करें तो इस बार के मानसून सीजन में किन्नौर और लाहौल-स्पीति को छोड़कर बाकी सभी जिलों में सामान्य या उससे अधिक बारिश हुई है।खासकर मंडी जिले में सामान्य से 91% अधिक बारिश दर्ज की गई है,जो राज्य में सर्वाधिक है।
