ऊना : राकेश ( TSN)- उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल सरकार ऊना जिले के हरोली विधानसभा क्षेत्र में बनने जा रही महत्वाकांक्षी बल्क ड्रग पार्क परियोजना में 1 हजार करोड़ रुपये का पूंजी निवेश करेगी। परियोजना का कुल खर्च राज्य और केंद्र सरकार द्वारा 50-50 फीसदी की हिस्सेदारी में वहन किया जाएगा। परियोजना के संचालन का जिम्मा भी हिमाचल सरकार ही देखेगी।उप मुख्यमंत्री ने रविवार को ऊना जिले के बढ़ेड़ा में एक जनसभा में यह जानकारी दी।
बढ़ेड़ा में मल्टीस्पेशलिटी आयुर्वेदिक अस्पताल का शुभारंभ
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि यह परियोजना जिले समेत पूरे प्रदेश के लिए विकास और रोजगार सृजन में मिसाल बनेगी।उन्होंने बताया कि जल्द ही हरोली के पंजुआणा में इस परियोजना के प्रशासनिक खंड का शिलान्यास किया जाएगा।इससे पहले, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बढ़ेड़ा स्थित हिमकेप्स नर्सिंग कॉलेज में 40 बिस्तरों की सुविधा वाले मल्टीस्पेशलिटी आयुर्वेदिक अस्पताल का शुभारंभ किया।इस दौरान कुटलैहड़ के नव निर्वाचित विधायक विवेक शर्मा भी उनके साथ रहे।अस्पताल में स्त्री रोग एवं प्रसूति विशेषज्ञ, आत्यायिक चिकित्सा एवं अन्य आयुर्वेदिक चिकित्सा सेवाओं समेत पंचकर्मा की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।यहां लोगों को रियायती दरों पर बेहतर चिकित्सा सुविधा मिलेगी।मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि आयुर्वेद भारत की देशज चिकित्सा पद्धति है। सरकार प्रदेश में इसे आगे बढ़ाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रही है। उन्होंने आशा जताई कि यह अस्पताल अपनी विशिष्ट सेवाओं से प्रदेश और देश में ख्याति अर्जित करेगा।
