कांगड़ा,10 मई (TSN):जम्मू-कश्मीर के राजौरी सेक्टर में पाकिस्तान द्वारा किए गए भारी गोलीबारी के दौरान 25 पंजाब रेजिमेंट के सूबेदार मेजर पवन कुमार वीरगति को प्राप्त हुए। वह हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला स्थित शाहपुर नगर पंचायत के निवासी थे।
पवन कुमार एक जांबाज़ सैनिक थे,जो एक सैन्य परंपरा वाले परिवार से आते थे। उनके पिता गरज सिंह भी भारतीय सेना में हवलदार के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। पवन कुमार ने राष्ट्र की सेवा करते हुए अपने प्राणों की आहुति देकर देशभक्ति और वीरता की अनूठी मिसाल पेश की।यह घटना उस समय हुई जब पाकिस्तान की ओर से युद्धविराम का उल्लंघन करते हुए अकारण गोलीबारी की गई। अपनी ड्यूटी निभाते हुए पवन कुमार ने अद्वितीय साहस का परिचय देते हुए अंतिम सांस तक मातृभूमि की रक्षा की।
पूरे शाहपुर क्षेत्र में शोक की लहर
शहीद की खबर जैसे ही शाहपुर पहुंची,पूरे क्षेत्र में शोक और गर्व का भाव फैल गया। स्थानीय लोग,ग्रामीण और सामाजिक संगठनों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और सरकार से उनके परिवार को उचित सहायता एवं सम्मान देने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने दी श्रद्धांजलि,जताया गहरा दुख
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सूबेदार मेजर पवन कुमार की शहादत पर गहरा शोक व्यक्त किया है।उन्होंने कहा कि पवन कुमार जैसे वीर जवानों की बदौलत ही देश की सीमाएं सुरक्षित हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार इस दुःखद घड़ी में शोकसंतप्त परिवार के साथ खड़ी है और उन्हें हरसंभव सहायता दी जाएगी।उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को यह अपूरणीय क्षति सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
