कलायत/कैथल : चन्द्रिका ( TSN)- कुरुक्षेत्र लोकसभा से ‘इंडिया’ गठबंधन के प्रत्याशी डॉ. सुशील गुप्ता ने कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र के कलायत विधानसभा के गांव एवं वार्ड में चुनावी यात्रा शुरू की। उनके साथ कांग्रेस नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश जेपी के पुत्र विकास सहारण, सुखबीर सिंह, लीलाराम, राम मोहन, जस्सी राणा, जगबीर मौन और कर्मबीर मौजूद रहे। उन्होंने अपनी चुनावी यात्रा गांव हरिपुरा से शुरू की।
डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि इंडिया गठबंधन कुरुक्षेत्र लोकसभा में पूरी मजबूती के साथ तैयारी कर रहा है। इंडिया गठबंधन को जन जन का समर्थन मिल रहा है और हर व्यक्ति कह रहा है कि हरियाणा के लोग भाजपा सरकार से परेशान है। उन्होंने कहा कि कलायत क्षेत्र किसान बहुल क्षेत्र है और भाजपा किसान विरोधी सरकार है। किसानों को आजतक बारिश से खराब फसल का मुआवजा नहीं मिला। सरकार झूठी हामी तो भरती है लेकिन मुआवजा नहीं देती। भाजपा सरकार किसानों के साथ पोर्टल पोर्टल का खेल खेलती रहती है। किसानों की लगभग सात लाख एकड़ फसल खराब हुई लेकिन सरकार ने केवल 93 हजार एकड़ फसल खराब मानी और हरियाणा के लिए अब तक केवल 60 करोड़ रुपए जारी किए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने 2022 तक किसानों को आय दोगुनी करने का वादा किया था लेकिन आय तो दोगुनी नहीं हुई कर्जा डबल हो गया है। कृषि मंत्री के गृह जिले भिवानी में किसानों पर तीन गुना कर्जा हो गया है।
भाजपा द्वारा शालू जिंदल को टिकट दिए जाने की चर्चा पर कहा ये
डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि भाजपा द्वारा शालू जिंदल को टिकट दिए जाने की चर्चा पर कहा कि जब भाजपा सरकार द्वारा किसानों, महिलाओं और युवाओं पर अत्याचार किए जा रहे थे तब शालू जिंदल कहां थी। इसलिए इस बार कुरुक्षेत्र लोकसभा से इंडिया गठबंधन की टक्कर में कोई नहीं है। हरियाणा में इनेलो का कोई अस्तित्व नहीं है। कुरुक्षेत्र से ही भाजपा के युग समाप्ति होगी और इंडिया गठबंधन के युग की शुरूआत होगी। पूरे हरियाणा में इंडिया गठबंधन लोकसभा की सभी 10 सीटें जीत रहा है।
