कैथल (एकता): इन्फ्लूएंजा एक तरह का मौसमी फ्लू है, जिसे आमतौर पर नाक, गले और फेफड़ों में होने वाले संक्रमण के रूप में जाना जाता है। हाल ही में इस वायरस को लेकर कैथल स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। सूत्रों के मुताबिक ओपीडी में जांच बढ़ाने के भी निर्देश जारी किए गए हैं।
बताया जा रहा है कि विभाग के पास बेड, चिकित्सक व दवाइयां पूरी मात्रा में उपलब्ध है। दूसरी तरफ कोरोना महामारी के बाद अब इन्फ्लूएंजा वायरस के डर के बीच स्वास्थ्य विभाग सावधान हो गया है। इसके साथ ही सांस के मरीजों को दाखिल करने के लिए विशेष उपदेश जारी किए गए हैं। अगर इस वायरस से संबंधितकोई लक्षण मिलते हैं तो उन्हें होम क्वांरटाइन करने के लिए दिशा-निर्देश भी दिए गए हैं।
बता दें कि जिला नागरिक अस्पताल में डॉक्टरों की कमी साफ देखी जा रही है। एक तरफ जहां सामान्य अस्पताल में स्वीकृत पद 56 में से आधे 28 चिकित्सक भी नहीं है। यहां पर सिर्फ 20 डॉक्टर ही तैनात हैं। पिछले करीब डेढ़ महीने से सर्जन का पद रिक्त है।
