बिलासपुर, सुभाष ठाकुर (TSN)-घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के घुमाणी गांव के होनहार युवा जितेंद्र चंदेल ने हिमाचल प्रशासनिक सेवा (एचएएस) परीक्षा 2024 में तीसरा स्थान हासिल कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस असाधारण उपलब्धि पर मंगलवार को पूर्व खाद्य आपूर्ति मंत्री राजेंद्र गर्ग ने उनके निवास स्थान पर पहुंचकर जितेंद्र और उनके परिवार को बधाई दी।
इस अवसर पर राजेंद्र गर्ग ने कहा कि जितेंद्र चंदेल की यह सफलता न केवल घुमारवीं क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है, बल्कि यह क्षेत्र के युवाओं के लिए एक प्रेरणा स्रोत भी है। उन्होंने युवाओं से जितेंद्र की मेहनत और लगन से सीख लेकर अपने सपनों को साकार करने की अपील की।कार्यक्रम में स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों ने भी भाग लिया और जितेंद्र को उनकी सफलता पर शुभकामनाएं दीं। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी यह सफलता क्षेत्र के अन्य युवाओं को उच्च लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रेरित करेगी।
सही दिशा में मेहनत की जाए तो लक्ष्य होता है हासिल
जितेंद्र ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय कठिन परिश्रम, अनुशासन और परिवार के समर्थन को दिया। उन्होंने कहा कि यदि सही दिशा में मेहनत की जाए तो हर लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उनकी इस सफलता ने न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र को गर्व करने का अवसर दिया है। जितेंद्र की इस ऐतिहासिक सफलता ने घुमारवीं क्षेत्र के युवाओं को एक नई प्रेरणा दी है और उन्हें अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित किया है।
