चिंतपूर्णी,विकास-:हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां श्री चिंतपूर्णी मंदिर में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के परिवार ने पहुंचकर माता रानी के चरणों में शीश नवाया और विशेष पूजा-अर्चना की।इस दौरान मुख्यमंत्री की माता हरपाल कौर तथा उनकी पत्नी डॉ.गुरप्रीत कौर ने श्रद्धा भाव से मां चिंतपूर्णी के दर्शन कर प्रदेश और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
मंदिर पहुंचने पर मान परिवार का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया।इसके बाद उन्हें मुख्य गर्भगृह में ले जाया गया,जहां मंदिर के वरिष्ठ पुजारी नवीन कालिया और राजन कालिया ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजा संपन्न करवाई।पूजा के दौरान माता रानी के चरणों में विशेष अरदास भी लगाई गई और परिवार के मंगलमय जीवन की प्रार्थना की गई।धार्मिक अनुष्ठान पूरा होने के बाद पुजारियों ने हरपाल कौर और डॉ. गुरप्रीत कौर को माता की पवित्र चुनरी और स्मृति चिन्ह भेंट कर आशीर्वाद प्रदान किया। मंदिर परिसर में कुछ समय व्यतीत करने के बाद उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ भी संवाद किया और माता रानी के प्रति अपनी गहरी आस्था व्यक्त की।जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री भगवंत मान की माता हरपाल कौर की मां चिंतपूर्णी में विशेष श्रद्धा है और वह समय-समय पर यहां दर्शन के लिए आती रहती हैं।इस यात्रा के दौरान भी उन्होंने पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की खुशहाली और पंजाब की उन्नति के लिए प्रार्थना की। सुरक्षा के मद्देनजर मंदिर परिसर में आवश्यक प्रबंध किए गए थे। दर्शन के उपरांत मान परिवार पंजाब के लिए रवाना हो गया।
