लुधियाना, (दलजीत विक्की)-शहर के औद्योगिक क्षेत्र फोकल पॉइंट में सोमवार और मंगलवार की दरम्यानी रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई। अज्ञात नकाबपोश चोरों ने प्लॉट नंबर C-32/2, फेज-2 स्थित दो फैक्ट्रियों में दीवार फांदकर प्रवेश किया और वहां से कीमती धातु, इलेक्ट्रॉनिक सामान व जेवरात सहित लाखों रुपये का माल चोरी कर फरार हो गए। पूरी घटना फैक्ट्री में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार उक्त प्लॉट में पीकेएस इंडस्ट्री और वेलोसिटी कैड सिस्टम नामक दो इकाइयां संचालित होती हैं। पीकेएस इंडस्ट्री के मालिक पवन कुमार, निवासी जमालपुर एचई कॉलोनी, ट्रैक्टर के फ्लाइवील पिन बनाने का काम करते हैं, जबकि वेलोसिटी कैड सिस्टम के संचालक आकाश कुमार, निवासी जमालपुर एचएल कॉलोनी, डाई निर्माण का कार्य करते हैं। दोनों फैक्ट्रियों के मालिकों ने बताया कि सोमवार रात करीब आठ बजे वे रोजाना की तरह मुख्य गेट पर ताला लगाकर घर चले गए थे। फैक्ट्री परिसर में रहने वाला कर्मचारी अजय अपने परिवार सहित गांव गया हुआ था, जिससे रात में परिसर खाली था।
मंगलवार सुबह जब फैक्ट्री में काम करने वाला मजदूर संजय काम पर पहुंचा तो उसने मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ देखा। उसने तुरंत इसकी सूचना मालिक पवन कुमार को दी। सूचना मिलते ही दोनों फैक्ट्री मालिक मौके पर पहुंचे और अंदर का नजारा देख दंग रह गए। दोनों इकाइयों के अंदर सामान बिखरा पड़ा था और कई ताले टूटे हुए थे।सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर सामने आया कि रात करीब 12:45 बजे तीन युवक दीवार फांदकर अंदर दाखिल हुए। उनके चेहरे कपड़े से ढके हुए थे और उन्होंने हुडी पहन रखी थी। फुटेज में दिख रहा है कि कुछ देर बाद उनमें से एक युवक बाहर गया और कटर लेकर लौटा। इसके बाद आरोपियों ने मुख्य गेट और अंदर लगे अन्य तालों को काट दिया। करीब एक घंटे तक वे फैक्ट्री के भीतर रहे और आराम से सामान समेटते रहे।
फैक्ट्री मालिकों के अनुसार चोर एक रेडमी मोबाइल फोन, दो एमआई एलईडी टीवी, लगभग 20 किलो कॉपर, करीब 4 किलो एल्युमिनियम, 1 किलो ब्रास, सोने के झुमकों की एक जोड़ी, एक मंगलसूत्र, पायल की एक जोड़ी और दो घरेलू गैस सिलेंडर चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।सूचना मिलने पर थाना फोकल पॉइंट के जांच अधिकारी सब-इंस्पेक्टर सुरजीत सिंह पुलिस टीम सहित मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि फैक्ट्री मालिकों से लिखित शिकायत ले ली गई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस आसपास के इलाकों में भी जांच कर रही है।
