Shimla,11 September -हिमाचल प्रदेश में फिलहाल बारिश से राहत के आसार नहीं हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने आगामी दिनों में भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। विभाग के अनुसार 13 से 15 सितंबर तक प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में बारिश हो सकती है।इस दौरान कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।
मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक शोभित कटियार ने बताया कि प्रदेश में एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसका असर विशेषकर निम्न व मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में देखने को मिलेगा।उन्होंने कहा कि मौसम विभाग ने अलर्ट जारी कर दिया है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।कटियार ने यह भी स्पष्ट किया कि अभी मानसून विदा होने की संभावना नहीं है। आमतौर पर हिमाचल प्रदेश से मानसून 24 से 25 सितंबर के आसपास विदा होता है।
