बिलासपुर, सुभाष ठाकुर ( TSN)-जिला बिलासपुर विकास की दिशा में नए आयाम स्थापित करने जा रहा है। वर्ष 2025 में यहां विभिन्न योजनाओं को धरातल पर उतारा जाएगा, जिनमें से कई परियोजनाओं का कार्य पूरा होने की कगार पर है, जबकि कुछ मार्च तक शुरू हो जाएंगी।
उपायुक्त बिलासपुर आबिद हुसैन सादिक ने बुधवार को बचत भवन में आयोजित पत्रकारवार्ता के दौरान जानकारी दी कि जिला में पांच स्पेस लैब बनाई जाएंगी। इनमें से एक स्पेस लैब जिला मुख्यालय पर स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (छात्र) में बनाई जा रही है, जिसका निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। आगामी 7 जनवरी को तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी इसका शुभारंभ करेंगे। शेष चार स्पेस लैब का निर्माण भी अगले एक माह में पूरा कर लिया जाएगा।
कोलडैम में वाटर स्पोर्ट्स एक्टिविटी
कोलडैम में वाटर स्पोर्ट्स एक्टिविटी शुरू करने को लेकर टेंडर प्रक्रिया जारी है। उपायुक्त ने बताया कि पहले सिर्फ दो निविदाएं आई थीं, जिसके चलते टेंडर प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई। इस बार तीन निविदाओं की संभावना है, जिससे यह प्रोजेक्ट शुरू हो सकेगा।
बिलासपुर के उपायुक्त कार्यालय को ग्रीन डीसी ऑफिस बनाने की योजना पर भी कार्य शुरू हो गया है। इसके लिए एनटीपीसी से 70 लाख रुपये का बजट स्वीकृत हुआ है, जिसमें से 42 लाख रुपये हिम ऊर्जा को दे दिए गए हैं।
जिला में फरवरी के अंत तक राष्ट्रीय स्तर का पैराग्लाइडिंग इवेंट आयोजित किया जाएगा। उपायुक्त ने बताया कि इसके लिए तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। यह आयोजन बिलासपुर को साहसिक खेलों के नक्शे पर मजबूती से स्थापित करेगा।इन योजनाओं से जिला बिलासपुर शिक्षा, खेल, और पर्यावरण के क्षेत्र में नई पहचान बनाएगा। उपायुक्त ने कहा कि यह सभी परियोजनाएं जिले के विकास को नई दिशा देंगी और जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएंगी।
