हरियाणा : चन्द्रिका ( TSN)-हरियाणा के हर जिले में बुजुर्गों के लिए वृद्ध सेवा आश्रम खोले जाएंगे, जिनमें 50-50 बुजुर्गों के रहने की व्यवस्था होगी।मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने रविवार को करनाल के मॉडल टाउन के वार्ड 11 में जनसंवाद कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए कहा कि नए खोले जाने वाले वृद्ध सेवा आश्रमों में गरीबों के रहने और खाने-पीने की व्यवस्था होगी। साधन संपन्न बुजुर्ग भी अगर आश्रमों में रहना चाहें तो, उसके लिए उन्हें राशि का अंशदान करना होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन 8 लोगों को वृद्धावस्था पेंशन स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित किए, जिनकी आज पेंशन बनाई गई। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न वर्गों के लोगों की शिकायतों को सुना और संबंधित अधिकारियों को उनके समाधान के निर्देश दिये। दयानंद कॉलोनी को नियमित करने की मांग पर सीएम ने नगर निगम आयुक्त को फिजिबिलिटी जांच कर केस सरकार को भिजवाने के लिये कहा। उन्होंने कहा कि 750 से अधिक कॉलोनियों को नियमित किया जा चुका है और 200 से अधिक कॉलोनियों को नियमित करने की प्रक्रिया जल्द ही पूरी की जाएगी।
