चंबा,मंजूर पठान-:हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी जिलों में अब सर्दी ने दस्तक दे दी है।चंबा जिला के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल साच पास में सीजन की पहली बर्फबारी के बाद जनजीवन प्रभावित होने लगा है। ताजा हिमपात के चलते पांगी घाटी को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग एक बार फिर बंद हो गया है। मार्ग बंद होने से दोनों तरफ वाहनों की आवाजाही पर ब्रेक लग गई है।बताया जा रहा है कि देर शाम लोक निर्माण विभाग की मशीनरी की मदद से मार्ग को अस्थायी रूप से बहाल कर दिया गया था,लेकिन रात के समय दोबारा हुई बर्फबारी के कारण सड़क पर बर्फ की मोटी परत जम गई और यातायात फिर से ठप हो गया।
पांगी घाटी आने-जाने के लिए साच पास मार्ग महत्वपूर्ण है। ऐसे में मार्ग बंद होने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ पांगी की ओर जाने वाले पर्यटकों और अन्य यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।हालांकि,लोक निर्माण विभाग की मशीनरी दोनों तरफ से सड़क बहाल करने के कार्य में जुटी हुई है।प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि मार्ग पूरी तरह बहाल होने तक साच पास की ओर जाने से बचें।वहीं,बॉर्डर पुलिस को भी निर्देश दिए गए हैं कि सड़क पूरी तरह सुरक्षित और यातायात के लिए बहाल होने के बाद ही पर्यटकों और आम लोगों को आगे जाने की अनुमति दी जाए।प्रशासन ने लोगों से मौसम और सड़क की स्थिति को देखते हुए ही यात्रा करने की अपील की है।
