ज्वालामुखी-:ज्वालामुखी स्थित शक्तिपीठ मां ज्वालामुखी मंदिर परिसर में खुद को आग लगाने वाले राजस्थान निवासी 36 वर्षीय युवक की शुक्रवार सुबह टांडा मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत हो गई। युवक की पहचान रामदास निवासी झालावाड़, राजस्थान के रूप में हुई है। वह घटना में करीब 70 फीसदी झुलस गया था।जानकारी के अनुसार,रामदास ने 17 सितंबर की देर शाम मंदिर परिसर में कथित तौर पर खुद को आग लगा ली थी।अचानक हुई इस घटना से मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई।मौके पर मौजूद लोगों ने पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया।इसके बाद 108 एंबुलेंस की मदद से उसे ज्वालामुखी अस्पताल पहुंचाया गया।
एंबुलेंस में बताई थी अपनी पहचान
एंबुलेंस कर्मचारियों के अनुसार,अस्पताल ले जाते समय युवक होश में था। उसने अपना नाम रामदास बताया और कहा कि वह अकेले ही मंदिर में दर्शन करने आया था।हालांकि,घर का पूरा पता बताते समय उसकी जुबान लड़खड़ा रही थी।ज्वालामुखी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया था।यहां उपचार के दौरान शुक्रवार सुबह उसकी मौत हो गई।
घटना के कारणों की जांच जारी
पुलिस जिला देहरा के एसपी संदीप धवल ने बताया कि ज्वालामुखी मंदिर परिसर में एक व्यक्ति द्वारा खुद को आग लगाने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की थी।गंभीर रूप से झुलसे व्यक्ति को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया और बाद में टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया,जहां उसकी मौत हो गई।एसपी के अनुसार,युवक ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी जांच की जा रही है।पुलिस ने मृतक के परिजनों से संपर्क किया है।उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर उसकी पहचान रामदास, निवासी झालावाड़,राजस्थान के रूप में हुई है।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना के बाद फॉरेंसिक टीम ने भी मौके का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए थे।पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि युवक ने आग लगाने के लिए पेट्रोल या किसी अन्य ज्वलनशील पदार्थ का इस्तेमाल किया था या नहीं। इसके साथ ही घटना से जुड़ी परिस्थितियों और संभावित कारणों की भी पड़ताल की जा रही है।
पहले भी सामने आ चुकी है ऐसी घटना
गौरतलब है कि कुछ माह पहले ज्वालामुखी मंदिर मार्ग पर स्थित एक मंदिर में एक युवक द्वारा कटर से अपना गला काटने की घटना सामने आई थी, जिसमें उसकी मौत हो गई थी। अब ज्वालामुखी मंदिर परिसर में खुद को आग लगाने के बाद युवक की मौत का मामला सामने आया है। पुलिस दोनों घटनाओं की परिस्थितियों को लेकर आवश्यक जांच कर रही है।
