अम्बाला, 10 फरवरी-:हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज के विशेष प्रयासों से अम्बाला छावनी विधानसभा क्षेत्र के सभी नौ गांवों में व्यापक विकास कार्यों को हरी झंडी मिल गई है। राज्य सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों के विकास और सौंदर्यीकरण के लिए कुल 5 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की है, जिससे 56 से अधिक विकास परियोजनाएं जल्द शुरू की जाएंगी।
ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि उनकी प्राथमिकता ग्रामीण अंचलों का समग्र विकास करना है, ताकि शहरों के साथ-साथ गांवों की तस्वीर भी बदली जा सके। उन्होंने बताया कि पंचायती राज विभाग द्वारा सभी कार्यों की योजना तैयार कर ली गई है और स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शीघ्र आरंभ किए जाएंगे।इन विकास कार्यों के अंतर्गत गांवों में स्ट्रीट लाइटें, पक्की सड़कें, नालियां, आरसीसी बेंच, गलियों का निर्माण, तालाबों का सौंदर्यीकरण, श्मशानघाटों में सुविधाएं, कम्यूनिटी हॉल, धर्मशालाएं, आंगनवाड़ी केंद्र, गऊ घाट और पार्कों का विकास शामिल है। इन परियोजनाओं से ग्रामीणों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं मिलेंगी और जीवन स्तर में सुधार होगा।
मंत्री विज ने जानकारी दी कि गांव पंजोखरा साहिब में सबसे अधिक 25 विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं, जिन पर सबसे ज्यादा राशि खर्च की जाएगी। इसके अलावा गरनाला, टुंडली, खतौली, जनेतपुर, बरनाला, ब्राह्मण माजरा, धनकौर और बाड़ा गांवों में भी अलग-अलग विकास कार्यों को मंजूरी दी गई है।उन्होंने कहा कि इससे पहले भी अम्बाला छावनी क्षेत्र में करोड़ों रुपये के विकास कार्य पूरे किए जा चुके हैं, जिनका लाभ जनता को मिल रहा है। नए कार्यों के पूरा होने से ग्रामीण क्षेत्रों में सुविधाओं का विस्तार होगा और गांवों की सूरत पूरी तरह से बदलेगी।
