शिमला,संजू-:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम देश के इतिहास में प्रधानमंत्री के रूप में सबसे लंबा कार्यकाल दर्ज होने पर शिमला में विशेष हवन का आयोजन किया गया।इस मौके पर नाचन से भाजपा विधायक विनोद कुमार ने प्रधानमंत्री को बधाई देते हुए उनके स्वस्थ,दीर्घायु और निरंतर राष्ट्रसेवा की कामना की।
विनोद कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नया कीर्तिमान स्थापित किया है,जो देशवासियों के स्नेह और विश्वास का प्रतीक है।उन्होंने कहा कि जनता लगातार प्रधानमंत्री को अपना आशीर्वाद दे रही है और यही वजह है कि उन्हें व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार अंत्योदय के संकल्प को साकार करने की दिशा में काम कर रही है।विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।गरीब,किसान,महिलाएं और युवा इन योजनाओं से लाभान्वित हो रहे हैं।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री इसी समर्पण और ऊर्जा के साथ देश की सेवा करते रहें,इसी उद्देश्य से हवन का आयोजन किया गया।प्रधानमंत्री की उपलब्धि पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान विनोद कुमार ने कांग्रेस की आंतरिक कलह को लेकर भी निशाना साधा।उन्होंने 1965 की चर्चित बॉलीवुड फिल्म वक़्त में अभिनेता राज कुमार के मशहूर डायलॉग के ज़रिए कांग्रेस पर तंज कसा।
विनोद कुमार ने कहा,“जिनके घर शीशे के होते हैं,वो दूसरों के घरों पर पत्थर नहीं फेंकते।”उन्होंने कहा कि भाजपा पर गुटबाजी के आरोप लगाने से पहले कांग्रेस को अपने भीतर झांकना चाहिए। उनके मुताबिक कांग्रेस के अपने नेता और कार्यकर्ता ही मुख्यमंत्री पर लगातार सवाल उठा रहे हैं,जिससे पार्टी के भीतर की खींचतान अब खुलकर सामने आ रही है।भाजपा विधायक ने दावा किया कि भाजपा पूरी तरह एकजुट है,जबकि कांग्रेस गुटबाजी और आंतरिक मतभेदों से जूझ रही है।उन्होंने कहा कि भाजपा पर टिप्पणी करने के बजाय कांग्रेस को अपने नेताओं के बीच चल रहे विवादों और बयानबाजी का जवाब जनता को देना चाहिए।उनका आरोप था कि कांग्रेस में मतभेद इतने बढ़ गए हैं कि पार्टी के नेता ही सरकार और मुख्यमंत्री के खिलाफ खुलकर मोर्चा खोल रहे हैं।
