Delhi,29 October -:मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंगलवार को केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह से मुलाकात की। बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने प्रदेश में हाल ही में आई प्राकृतिक आपदा को देखते हुए केंद्र सरकार से 2 प्रतिशत अतिरिक्त ऋण सीमा देने का अनुरोध किया है।
सीएम सुक्खू ने कहा कि वित्त मंत्री ने उन्हें आश्वासन दिया है कि नियमों के तहत जो भी संभव होगा, उस दृष्टिकोण से हिमाचल प्रदेश की हरसंभव मदद की जाएगी।उन्होंने बताया कि बैठक में पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) पर भी चर्चा हुई। सीएम ने कहा,“ओपीएस के कारण प्रदेश पर 1600 करोड़ रुपये का अतिरिक्त भार पड़ा है।इस पर भी वित्त मंत्री ने विचार करने का भरोसा दिलाया है।
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह से चर्चा — हिमाचल में लगेगा डॉपलर और अर्ली वार्निंग सिस्टम
मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह के साथ मुलाकात में डॉपलर रडार और अर्ली वार्निंग सिस्टम लगाने को लेकर चर्चा हुई।उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन के कारण हिमाचल में तापमान लगभग 1 डिग्री बढ़ गया है,जिससे बादल फटने की घटनाओं में वृद्धि हुई है।सीएम सुक्खू ने बताया कि मौसम सामान्य होते ही प्रदेश की सड़कों को दुरुस्त करने का कार्य तेज़ी से जारी है।
पर्यटकों से अपील — “हिमाचल इंतजार कर रहा है, आप जरूर आएं”
मुख्यमंत्री ने देशभर के पर्यटकों से हिमाचल आने की अपील करते हुए कहा कि हिमाचल इंतजार कर रहा है, आप हिमाचल जरूर आएं। प्रदेश फिर से सामान्य हो रहा है और पर्यटकों के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है।
कांग्रेस को नवंबर के पहले सप्ताह में मिलेगा नया प्रदेश अध्यक्ष
सीएम सुक्खू ने बताया कि हिमाचल कांग्रेस को नवंबर के पहले सप्ताह में नया प्रदेश अध्यक्ष मिल जाएगा।
