दिल्ली (एकता): नई दिल्ली का रोज गार्डन खुशबू से महक रहा है। विंटर शो में 200 से ज्यादा किस्म के गुलाब देखने को मिल रहे हैं। शनिवार से ही लोगों का जमावड़ा लगा हुआ है। बता दें कि गुलाब के प्रेमियों के लिए नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) ने विंटर शो का आयोजन किया है। शनिवार से शुरू हुआ ये शो आज यानि 24 दिसंबर तक चलेगा। ये विंटर शो गुलाब प्रेमियों के लिए एक अद्भुत दृश्य होगा।

फ्रेंडशिप रोज गार्डन में लगा यह शो
नई दिल्ली जिला के चाणक्यपुरी स्थित इंडिया-अफ्रीका फ्रेंडशिप रोज गार्डन में यह शो लगा हुआ है। हर कोई रंग-बिरंगे गुलाबों का दीदार करने आ रहा है। प्रदर्शनी में बैंगनी गुलाब लोगों का दिल जीत रहा है। हर कोई उसे देखने के लिए जा रहे हैं। पूरा पार्क महक रहा है। इस अवसर पर गुलाब की थीम पर ‘ऑन स्पॉट पेंटिंग’ प्रतियोगिता में 50 से ज्यादा बच्चे शामिल हुए। पेंटिंग के विजेताओं को प्रमाण पत्र और ट्राफियां दीं गई।

ग्रीनहाउस में उगाए गए गुलाब
जानकारी के मुताबिक यहां बर्तन में गुलाब उगाए गए हैं। जैसे गुलाबी, लाल, खुबानी, नीला, पीला, नारंगी, काला, हरा, द्वि-रंग, स्ट्रिप्स, मिश्रित सुगंध आदि को दिखाया जा रहा है। ग्रीनहाउस में उगाए गए गुलाब और मिट्टी रहित गुलाब के विशेष आकर्षण भी प्रदर्शित किए गए हैं। इसे देखने के लिए लोग दूर-दूर से आ रहे हैं। यहां अलग-अलग प्रजाति के फूल देखने को मिल रहे हैं।
