Shimla,Sanju (TSN)-विमल नेगी की संदिग्ध मौत के मामले में सीबीआई जांच के आदेश के बाद हिमाचल की सियासत गरमा गई है। शिमला में प्रेसवार्ता के दौरान नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर गंभीर आरोप लगाते हुए इस्तीफे की मांग की। उन्होंने कहा कि यह सरकार पूरी तरह भ्रष्टाचार में डूबी हुई है और अब जनता के साथ-साथ अधिकारियों का भी उस पर से भरोसा उठ गया है।
जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने सदन में विमल नेगी मामले को लेकर कई बार झूठ बोला। उन्होंने कहा कि मृतक के परिवार ने कभी भी सरकार की जांच पर भरोसा नहीं किया और शुरुआत से ही वे सीबीआई जांच की मांग कर रहे थे। ठाकुर ने कहा कि नेगी पर गलत काम का दबाव था और इसी वजह से उनकी मौत हुई।जयराम ठाकुर ने SSP संजीव गांधी और पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि गांधी ने कोर्ट में ही DGP डॉ. अतुल वर्मा के खिलाफ बयान दिए, जिस पर कोर्ट ने उन्हें फटकार लगाई। बावजूद इसके, SSP ने अपनी कार्रवाई नहीं रोकी। DGP द्वारा कोर्ट को बताया गया कि जांच सही तरीके से नहीं की गई और सबूतों से छेड़छाड़ की गई—पेन ड्राइव को छिपाया और बाद में फॉर्मेट किया गया।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि SSP संजीव गांधी और एडवोकेट जनरल अनूप रतन द्वारा कोर्ट के खिलाफ की गई टिप्पणी अभूतपूर्व है और यह सीधे तौर पर कोर्ट की अवमानना है। जयराम ठाकुर ने दावा किया कि SSP ने CBI के डायरेक्टर को पत्र लिखकर सीधे अपील की बात कही, जबकि ऐसा करना उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं आता। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या अब SSP ही सरकार चला रहे हैं, और क्या मुख्यमंत्री ने सारे अधिकार उन्हीं को सौंप दिए हैं?
