चंडीगढ़ | शहर में शराब ठेकों की नीलामी प्रक्रिया धीमी पड़ गई है। सोमवार को आयोजित ऑक्शन में एक्साइज विभाग केवल दो ठेकों की ही नीलामी कर सका, जबकि 10 में से 8 ठेके अभी भी नीलामी की प्रतीक्षा में हैं।
इस बार सेक्टर-25 कॉलोनी और सेक्टर-41 मार्केट के ठेके नीलाम हुए। सेक्टर-41 मार्केट का ठेका 2 करोड़ 61 लाख रुपये में बिका, जबकि इसका रिजर्व प्राइस 2 करोड़ 58 लाख रुपये तय किया गया था। वहीं, सेक्टर-25 कॉलोनी का ठेका 2 करोड़ 8 लाख 51 हजार में नीलाम हुआ, जबकि उसका रिजर्व प्राइस 2 करोड़ 8 लाख 21 हजार 455 रुपये था।
हाल ही में इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 का ठेका 15 करोड़ रुपये में नीलाम हुआ था, जो अब तक की सबसे ऊंची बोली रही। वहीं, विभाग द्वारा लाइसेंस फीस जमा न करवाने के चलते 8 ठेकों को सील किया जा चुका है। इनमें सेक्टर-9, सेक्टर-32डी, सेक्टर-40डी, सेक्टर-45, मनीमाजरा, दरिया और मौलीजागरां के ठेके शामिल हैं।
विभाग ने जिन ठेकेदारों ने सिक्योरिटी मनी जमा नहीं करवाई, उन्हें ब्लैकलिस्ट कर दिया है। इनमें सेक्टर-20डी (विजेंदर), सेक्टर-22बी (कमल कर्की, अजय मेहरा), इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 (निशा कार्की), और मनीमाजरा शिवालिक गार्डन (नीरज शर्मा) के ठेकेदार शामिल हैं। एक्साइज विभाग बार-बार तारीख तय कर रहा है, लेकिन बचे हुए ठेकों की नीलामी में कोई खास रुचि नहीं दिख रही है।
