Mandi,Dharamveer-हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश और भूस्खलन के कारण बंद पड़ा चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे आखिरकार छह दिन बाद फिर से यातायात के लिए खोल दिया गया है। हाईवे खुलते ही सड़क किनारे खड़े सैकड़ों ट्रक और अन्य वाहनों के चालक राहत महसूस कर रहे हैं।
हालांकि फिलहाल सड़क को अस्थायी रूप से ही बहाल किया गया है और कई जगहों पर सिर्फ एकतरफा यातायात ही संभव है।मंडी की एसपी साक्षी वर्मा ने वाहन चालकों से सावधानी बरतने, लाइन जंप न करने और प्रशासन द्वारा समय-समय पर जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि हाईवे पर पत्थर गिरने का खतरा अभी भी बना हुआ है।थलौट में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता ई. विनोद शर्मा ने जानकारी दी कि दवाड़ा क्षेत्र में लगातार समस्या बनी हुई है।बारिश रुकने के बाद यहां टारिंग का कार्य किया जाएगा ताकि सड़क पर वाहनों की आवाजाही सुचारू रूप से हो सके।
गौरतलब है कि 31 अगस्त दोपहर से शुरू हुई भारी बारिश और भूस्खलन के चलते दवाड़ा से झीड़ी तक हाईवे पूरी तरह से बंद हो गया था। बीच में सिर्फ जरूरत का सामान ले जाने वाले वाहनों को ही गुज़रने की अनुमति दी गई थी। लेकिन औट और झीड़ी के पास दोबारा भारी भूस्खलन होने से मार्ग फिर से बंद करना पड़ा। लगातार पांच दिन बारिश रुकने के बाद शुक्रवार सुबह से ही एनएचएआई और प्रशासन की टीमों ने मशीनरी लगाकर सड़क को साफ किया और शाम करीब पांच बजे इसे सभी वाहनों के लिए बहाल कर दिया।
