Shimla,Sanju -हिमाचल प्रदेश पावर कॉरपोरेशन के चीफ इंजीनियर विमल नेगी की रहस्यमयी मौत के मामले में राज्य सरकार ने सख्त कदम उठाए हैं।मुख्यमंत्री सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार ने तीन वरिष्ठ अधिकारियों को लंबी छुट्टी पर भेजते हुए प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया है।
इन अधिकारियों में अतिरिक्त मुख्य सचिव ओंकार शर्मा,पुलिस महानिदेशक अतुल वर्मा और शिमला के पुलिस अधीक्षक संजीव गांधी शामिल हैं।इन अधिकारियों की छुट्टी के बाद राज्य सरकार ने कई प्रमुख विभागों में कार्यभार का पुनः वितरण किया है।डीजीपी अतुल वर्मा की जगह अब अशोक तिवारी को पुलिस महानिदेशक का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है।इसी तरह,एसपी सोलन गौरव सिंह को शिमला जिले की पुलिस का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है।वहीं,ओंकार शर्मा से गृह और राजस्व जैसे अहम विभाग वापस लेकर अब एसीएस केके पंत को यह जिम्मेदारी दी गई है।जल शक्ति विभाग की कमान संदीप कदम को दी गई है जबकि जनजातीय विकास विभाग की जिम्मेदारी राखिल काहलों को सौंपी गई है।
