Una,Rakesh-उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज हरोली विधानसभा क्षेत्र में करोड़ों रुपये की लागत से तैयार विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने हरोली गांव में 3.40 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित अंतरराज्यीय बस अड्डे का विधिवत लोकार्पण किया।
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि इस आधुनिक दोमंजिला बस अड्डे की प्रारंभिक अनुमानित लागत 7 करोड़ रुपये थी, लेकिन बेहतर योजना और कार्यप्रणाली के चलते इसे करीब आधी लागत में सफलतापूर्वक पूर्ण किया गया, जिससे सरकार को 3.60 करोड़ रुपये की बचत हुई है।
इसके अतिरिक्त उपमुख्यमंत्री ने:
सलोह में 1.17 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का शिलान्यास किया।
बढेड़ा में 20 लाख रुपये से निर्मित रेन शेल्टर का लोकार्पण किया।
कुठारबीत में 1.02 करोड़ रुपये की लागत से तैयार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन किया।
गोंदपुर बैहली-बाथू-गुरपलाह संपर्क मार्ग (9 किमी) पर 11.77 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली सड़क का भूमि पूजन किया।
डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री बोले – “हरोली को बनाएंगे मॉडल विधानसभा
अग्निहोत्री ने कहा कि हरोली को विकास की ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए वे निरंतर प्रयासरत हैं और जनसेवा के लिए दिन-रात कार्य कर रहे हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं का भी उल्लेख करते हुए कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र को एक मॉडल क्षेत्र के रूप में विकसित करना उनका संकल्प है।मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि “हरोली के विकास को गति देना मेरी प्राथमिकता है। जो भी आवश्यक योजनाएं होंगी, उन्हें बिना देर के लागू किया जाएगा।”
