Dharamshala,29 August-कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के सांसद डॉ.राजीव भारद्वाज ने कहा कि प्रदेश में आई आपदा से निपटने के लिए सभी राजनीतिक दलों को मिलकर कार्य करना चाहिए।उन्होंने कहा कि यह समय आरोप-प्रत्यारोप का नहीं, बल्कि आपदा का मुकाबला करने का है।
सांसद ने शुक्रवार को धर्मशाला में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि कांगड़ा,कुल्लू, मंडी और चंबा जिलों की स्थिति बेहद गंभीर है।भाजपा कार्यकर्ता राहत व बचाव कार्यों में जुटे हुए हैं।कुल्लू में आई आपदा से जमीन तक बह गई है, इसलिए केंद्रीय पर्यावरण मंत्री से आग्रह किया जाएगा कि एफआरए में राहतस्वरूप कुछ छूट दी जाए,ताकि प्रभावितों को मदद मिल सके।उन्होंने कहा कि प्रदेश विधानसभा ने आपदा को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया है। इसके लिए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर बधाई के पात्र हैं।डॉ. भारद्वाज ने बताया कि वह पिछले पांच दिनों से इंदौरा और फतेहपुर के मंड क्षेत्र का दौरा कर रहे हैं, जहां हालात बेहद भयावह हैं।फसलें पूरी तरह तबाह हो चुकी हैं और लोगों के पुनर्वास की चुनौती सामने है। उन्होंने कहा कि हिमाचल के सभी सांसद मिलकर केंद्र में प्रदेश का पक्ष मजबूती से उठाएंगे।
खेलों से जोड़ेंगे युवा
सांसद ने बताया कि मेजर ध्यानचंद के जन्मदिन पर धर्मशाला इंडोर स्टेडियम में विशेष कार्यक्रम होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके जन्मदिन को राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया था।उन्होंने कहा कि एनडीए संसदीय समिति की बैठक में तय किया गया है कि सांसद खेल महोत्सव का आयोजन होगा, जिसमें गांव से लेकर संसदीय क्षेत्र तक खेल प्रतियोगिताएं होंगी।इसका उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर कर खेलों की ओर आकर्षित करना है.
