पलवल/सुंदर कुंडू -:पलवल में हरियाणा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने बीजेपी सरकार पर शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा प्रणाली को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में शिक्षा और परीक्षाओं पर माफियाओं का कब्जा हो चुका है। एचटेट परीक्षा कराने में सरकार पूरी तरह विफल रही है। राव नरेंद्र सिंह पलवल के टीकरी ब्राह्मण स्थित केसीएम पब्लिक स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में मीडिया से बातचीत कर रहे थे।
हरियाणा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था संभालने में नाकाम साबित हुई है। उन्होंने कहा कि एचटेट परीक्षा को लेकर सरकार की तैयारियां पूरी तरह फेल रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा और परीक्षाओं पर माफियाओं का कब्जा है, जिससे युवाओं का भविष्य खतरे में पड़ गया है। उन्होंने कहा कि सरकार को राजनीति से ऊपर उठकर विद्यार्थियों के हित में ठोस कदम उठाने चाहिए ताकि परीक्षा प्रणाली पारदर्शी और भरोसेमंद बन सके।
