Shimla,29July-हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है।बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की गई है।मौसम विभाग ने आगामी दिनों के लिए भी चेतावनी जारी की है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के वैज्ञानिक संदीप कुमार शर्मा ने जानकारी दी कि बीते 24 घंटों में मंडी,कांगड़ा,ऊना,हमीरपुर और बिलासपुर जिलों के कुछ क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश हुई है।मंडी के संधोल में 20 सेंटीमीटर, मंडी शहर में 190 मिमी और पंडोह में 120 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है।उन्होंने बताया कि 29 और 30 जुलाई को प्रदेश में और अधिक बारिश होने की संभावना है।इसको देखते हुए चंबा, कांगड़ा,कुल्लू और मंडी जिलों में ऑरेंज अलर्ट जबकि ऊना, बिलासपुर,हमीरपुर,सोलन,शिमला और सिरमौर जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
31 जुलाई के बाद बारिश में कुछ कमी आने की संभावना
31 जुलाई के बाद बारिश में कुछ कमी आने की संभावना है,लेकिन कांगड़ा,कुल्लू,मंडी और सिरमौर में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।वहीं शिमला,सोलन और सिरमौर में धुंध और कम दृश्यता की चेतावनी भी दी गई है।
संदीप कुमार शर्मा,मौसम वैज्ञानिक,IMD शिमला के अनुसार,1 जून से अब तक का मॉनसून सीजन सामान्य रहा है,लेकिन अगले दो दिन राज्य के लिए चुनौतीपूर्ण साबित हो सकते हैं।“29 और 30 जुलाई को कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है।लोगों को सावधान रहने और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी जाती है।”
