नई दिल्ली (एकता): नए साल में लोकसभा चुनाव से पहले राहुल गांधी की भारत न्याय यात्रा शुरू होने जा रही है। कांग्रेस की 14 जनवरी से भारत न्याय यात्रा में मणिपुर से मुंबई तक 6 हजार किमी से अधिक दूरी तय होगी। सूत्रों के मुताबिक यह यात्रा 14 जनवरी से 20 मार्च तक चलेगी। 14 राज्यों के लिए कांग्रेस का यह मेगा प्लान तैयार किया गया है।
बताया जा रहा है कि जिन राज्यों से यह यात्रा गुजरेगी, वहां से लोकसभा की 355 सीटें आती हैं। इस भारत न्याय यात्रा पर इंडिया गठबंधन के साथियों की भी नजर रहेगी। इसमें बंगाल, बिहार, महाराष्ट्र प्रमुख रूप से शामिल है। कांग्रेस ने राहुल गांधी की अगुवाई में यात्रा आयोजित करने की बुधवार को घोषणा की। भारत न्याय यात्रा ज्यादातर बस से होगी लेकिन कहीं-कहीं पदयात्रा भी होगी।
अगले साल आम चुनावों से पहले कांग्रेस अपने जनाधार को मजबूत करने के लिए राहुल गांधी के नेतृत्व में भारत न्याय यात्रा निकालने जा रही है। यह यात्रा 67 दिनों की अवधि में 14 राज्यों के 85 जिलों से होकर गुजरेगी। इसका समापन 20 मार्च को मुंबई में होगा। इस दौरान राहुल ने 12 सार्वजनिक सभाओं को संबोधित किया था। न्याय यात्रा में कांग्रेस का फोकस देश के लोगों के लिए सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय पर रहेगा।
