शिमला,संजू- :हिमाचल प्रदेश कांग्रेस में हालिया राजनीतिक घटनाक्रम के बीच पार्टी नेतृत्व ने अनुशासन बनाए रखने के लिए सख्त रुख अपनाया है।इसी कड़ी में मंगलवार को शिमला स्थित हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के राजीव भवन में अनुशासन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने की।
बैठक के दौरान पार्टी के भीतर बढ़ रही बयानबाजी और अनुशासनहीनता के मामलों पर विस्तार से चर्चा की गई।कुलदीप राठौर ने स्पष्ट कहा कि कांग्रेस संगठन में अनुशासन सर्वोपरि है और पार्टी की विचारधारा तथा नीतियों के विरुद्ध सार्वजनिक रूप से बयान देने वाले नेताओं और कार्यकर्ताओं को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि मीडिया अथवा सोशल मीडिया मंचों पर पार्टी विरोधी गतिविधियों या अनुशासनहीन आचरण करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।बैठक में उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान,विधायक आशीष बुटेल,हरदीप सिंह बावा और अनुराधा राणा सहित कांग्रेस महासचिव विनोद जिंटा तथा अमित नंदा भी मौजूद रहे।पार्टी सूत्रों के अनुसार,संगठन में अनुशासन बनाए रखने और भविष्य की रणनीति तय करने के लिए समिति आगे भी आवश्यक कदम उठाएगी।
